सच्चिदानंद/पटना : पिछले कई हफ्तों से बिहार हीट वेव और हॉट डे की चपेट में है. कई दिनों तक रेड अलर्ट भी जारी रहा. लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था, लेकिन अब जल्द ही लोगों को मौसम के इस दोहरी मार से मुक्ति मिलने वाली है. आज से लू और हॉट डे में धीरे-धीरे कमी आयेगी और दो दिनों बाद यानि कि 04 मई से पूरे बिहार में बारिश के भी संकेत मिल रहे हैं.



मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार फिलहाल राज्य में पछुआ हवा का ही बहाव है, लेकिन आने वाले दिनों में हवा का रुख बदलेगा. अबतक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक 05 मई से हॉट डे और हीट वेव की कोई चेतावनी नहीं है.

मौसम में जल्द होगा बदलाव
वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार अभी बिहार में पछुआ हवा का बहाव जारी है लेकिन इसमें धीरे धीरे कमी आ रही है और हवा का रुख बदल रहा है. 04 मई तक बिहार में हीट वेव और हॉट डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट है लेकिन 05 मई से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. इसका मतलब यह हुआ कि 05 मई से लू और गर्मी से राहत मिलेगी. हवा का रुख बदलेगा और पूरे बिहार में बारिश होने की स्थिति बनती हुई दिखाई दे रही है.